बीआरएबीयू कुलपति की शोध टीम ने रचा नया मुकाम, एंटासिड टैबलेट को पेटेंट

  • Post By Admin on Sep 20 2026
बीआरएबीयू कुलपति की शोध टीम ने रचा नया मुकाम, एंटासिड टैबलेट को पेटेंट

मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में शोध टीम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। दूध प्रोटीन और एलोवेरा से तैयार नवीन मिश्रित एंटासिड टैबलेट के लिए भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय ने भारतीय पेटेंट प्रदान किया है। इस आविष्कार को पेटेंट संख्या 597350 के तहत स्वीकृति मिली है। इसका आवेदन संख्या 202311057324 है। यह शोध बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संस्थान के डेयरी साइंस एंड फूड टेक्नोलॉजी विभाग में किया गया। शोध टीम में प्रो. दिनेश चंद्र राय के साथ प्रो. राज कुमार दुआरी, डॉ. अरविंद, डॉ. रुचि चावला, रिधि पांडे और कृष्ण कुमार आविष्कारक के रूप में शामिल हैं।

कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने शोध टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह आविष्कार प्राकृतिक रूप से पाचन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पेटेंट प्राप्त होना डेयरी क्षेत्र और शोध प्रयोगशाला से निकलकर समाज के दैनिक जीवन तक पहुंचने वाले नवाचार की दिशा में सार्थक उपलब्धि है। प्रो. राय के अनुसार, इस आविष्कार के आधार पर आगे क्लिनिकल परीक्षण, बड़े स्तर पर उत्पादन और व्यावसायिक उपयोग की संभावनाएं विकसित हो सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे अम्लता की समस्या के दैनिक प्रबंधन के लिए भारतीय उपभोक्ताओं को प्रोटीन युक्त विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में आगे काम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वदेशी नवाचार, डेयरी उत्पादों के मूल्य संवर्धन और वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित पारंपरिक ज्ञान को प्रोत्साहित करने में भी योगदान देगी।

पेटेंट मिलने की जानकारी के बाद विश्वविद्यालय के शैक्षणिक समुदाय और पूर्ववर्ती छात्र संघ ने प्रो. दिनेश चंद्र राय एवं उनकी शोध टीम को बधाई दी। सदस्यों ने शोध के क्षेत्र में उनके योगदान और टीम के प्रयासों की सराहना की।