बीआरएबीयू रसायनशास्त्र विभाग में पूर्व मंत्री महाचन्द्र प्रसाद सिंह का आगमन, अध्ययन और शोध पर दिया जोर
- Post By Admin on Sep 19 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं बिहार सवर्ण आयोग के अध्यक्ष डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह ने शनिवार को बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के रसायनशास्त्र विभाग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग की विभिन्न कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय का निरीक्षण किया तथा शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
विभागाध्यक्ष डॉ. नवेदुल हक सहित विभाग के सभी शिक्षकों ने डॉ. सिंह का स्वागत किया। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि रसायनशास्त्र विभाग से उनका पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने इसी विभाग से शिक्षा प्राप्त की थी और बाद में यहां रसायनशास्त्र के प्रोफेसर के रूप में अध्यापन भी किया। लंबे समय बाद विभाग पहुंचने पर उन्होंने अपने छात्र जीवन और अध्यापन काल से जुड़ी स्मृतियां भी साझा कीं।
पीजी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. महाचन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को विषय का गहन अध्ययन करने के साथ शोध और नवीनतम तकनीकों के प्रति भी रुचि विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ विद्यार्थियों के लिए अपने विषय से जुड़े नए प्रयोगों और तकनीकी विकास की जानकारी रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और उसके विभागों की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने में शिक्षकों और विद्यार्थियों की अहम भूमिका है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर नियमित अध्ययन और निरंतर परिश्रम करना चाहिए।
डॉ. सिंह ने विभागाध्यक्ष डॉ. नवेदुल हक समेत सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस विभाग से शिक्षा प्राप्त करने और बाद में अध्यापन करने का अवसर मिला, वहां लंबे समय बाद लौटकर विद्यार्थियों के साथ संवाद करना उनके लिए भावनात्मक और सुखद अनुभव रहा। इस अवसर पर रसायनशास्त्र विभाग के शिक्षक और स्नातकोत्तर विद्यार्थी मौजूद रहे।