अपडेट : बोरे में मिली महिला की लाश की हुई पहचान, पति पर हत्या का शक
- Post By Admin on Jan 30 2026
मुजफ्फरपुर : सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम घाट नदी किनारे बोरे में बंद महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने मृतका की पहचान कर ली है। महिला की पहचान फूलों देवी के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि शरीर पर बने टैटू के आधार पर की गई है। इससे पहले महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस के अनुसार फूलों देवी पिछले करीब एक सप्ताह से लापता थी। परिजनों ने 25 जनवरी को सिकंदरपुर थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शव की स्थिति काफी निर्मम पाई गई है। पहचान छुपाने के लिए चेहरे को कुचल दिया गया था और शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है।
मृतका के भाई शिवनाथ साह ने फूलों देवी के पति संतोष साह पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दहेज और बेटे की मांग को लेकर संतोष साह अक्सर फूलों देवी को प्रताड़ित करता था। फूलों देवी की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के शिवनगर निवासी संतोष साह से हुई थी।
परिजनों ने यह भी बताया कि संतोष साह मुजफ्फरपुर के बालूघाट इलाके में किराये के मकान में रहकर भुजा और बादाम बेचने का काम करता था। दंपती की एक नौ वर्षीय बेटी है, जबकि तीन बेटियों की जन्म के समय ही मृत्यु हो चुकी थी। बेटे की मांग को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल आरोपी पति की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है।