जमीनी विवाद में गोलीबारी के दो अभियुक्त गिरफ्तार
- Post By Admin on Jul 16 2024
लखीसराय: सूर्यगढ़ा पुलिस ने नंदपुर गोलीकांड में शामिल दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी पंकज कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में विक्की सिंह पर पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विदित हो कि 28 जून 2024 को नंदपुर गांव में गोलीबारी की घटना हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए छापेमारी कर एक अभियुक्त, पियुष कुमार, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में देबन बिंद के पुत्र गणित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर विक्की सिंह, राजू सिंह, पियुष यादव और नवीन यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इस घटना के पीछे का कारण 2018 का एक पुराना मामला है, जिसमें विक्की सिंह ने देबन बिंद को गोली मारी थी। उस समय भी मामला सूर्यगढ़ा थाना में दर्ज किया गया था। अभियुक्त पक्ष द्वारा वादी पक्ष पर केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था, और केस नहीं उठाने के कारण यह घटना घटित हुई।
पीयूष यादव को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि राजू सिंह और विक्की सिंह को हाल ही में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। नवीन यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गिरफ्तारियों के दौरान छापेमारी टीम में परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष सूर्यगढ़ा आकाश किशोर, पु०नि० भगवान राम, पु०अ०नि० मो० आलम सिंह, डी०आई०यू० के पु०अ०नि० कुमार गौरव, सिपाही विभूति कुमार, और सिपाही पंकज कुमार शामिल थे।
एसपी पंकज कुमार ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।