मद्य निषेध विभाग की बड़ी कार्यवाई, अवैध शराब के साथ 14 लोग गिरफ्तार
- Post By Admin on Jun 01 2026
लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय की ओर से 31 मई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विदेशी शराब एवं चुलाई शराब बरामद की गई, जबकि शराब सेवन और अवैध कारोबार से जुड़े कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान बायपास पुल के समीप से 61.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं निस्तुपुर बहियार क्षेत्र में रामस्वरूप साहनी को 4.500 लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। शाहिद द्वार के समीप विक्की कुमार के पास से 1.800 लीटर विदेशी शराब भी जब्त की गई। मद्य निषेध विभाग की कार्रवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से शराब सेवन के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें लखीसराय, बड़हिया, किऊल, खगड़िया, पटना, गया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर तथा अन्य जिलों के निवासी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मद्य निषेध विभाग के अनुसार जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब कारोबार और शराब सेवन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। विभाग ने आम लोगों से भी शराबबंदी कानून के पालन में सहयोग करने तथा अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना को प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है।