दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, एक की मौत, एक घायल

  • Post By Admin on Jan 26 2023
दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, एक की मौत, एक घायल

आरा: बिहार में अपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नेवर पोखर मरचा टोला गांव का है। बीती रात (बुधवार) एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं मारपीट के दौरान बचाव करने आया उनका पोता भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के नेउर पोखर मरचा टोला गांव निवासी 70 वर्षीय गंगा विशुन सिंह थे, जो पेशे से किसान थे। जबकि घायल युवक राजू सिंह है जो मृतक का पोता है। मृतक के परिवार ने बताया कि दो महीने पहले उनकी बकरी आरोपी पक्ष के खेत में चली गई थी। जिसे लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था। हालांकि उस समय विवाद खत्म हो गया था। लेकिन दो दिन पूर्व उसके खेत से आरोपी पक्ष के घर का एक बच्चा विक्की साइकिल लेकर जा रहा था। जब उन्होंने उसे मना किया कि तुम खेत से साइकिल मत ले जाओ मेरा फसल बर्बाद हो रहा है। इसी बात को लेकर दो दिन पूर्व भी दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई थी। लेकिन बात खत्म हो गई थी।

बुधवार की रात जब वह अपने घर में सभी लोगों के साथ बैठे हुए थे। तभी आरोपी पक्ष के लोग लाठी-डंडा लेकर उनके घर पर आ धमके और घर में घुसकर उनकी जमकर पिटाई कर दी। अपने दादा को पीटता देख जब उनका पोता राजू सिंह उन्हें बचाने गया तो उन लोगों ने उसकी भी पिटाई कर दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद घायल गंगा विशुन सिंह को इलाज के लिए जगदीशपुर रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान बुधवार की रात ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जबकि घायल उनका पोता राजू सिंह का इलाज परिजन द्वारा निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। 

मृतक की बहू शांति देवी ने गांव के अभय सिंह एवं अजय सिंह सहित कुछ अन्य लोगों पर पूर्व के विवाद को लेकर लाठी-डंडों से मारकर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।