मुजफ्फरपुर में रेल यात्रियों को निशाना बना रहा था मोबाइल झपटमार गिरोह, पुलिस ने खोला राज

  • Post By Admin on Sep 05 2026
मुजफ्फरपुर में रेल यात्रियों को निशाना बना रहा था मोबाइल झपटमार गिरोह, पुलिस ने खोला राज

मुजफ्फरपुर: शहर में रेल यात्रियों से मोबाइल छीनने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर आरओबी के पास हुई मोबाइल छिनतई की घटना की जांच के दौरान पुलिस को बीबीगंज और मझौलिया इलाके से जुड़े शातिरों के गिरोह के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार यह गिरोह खास तौर पर रेल यात्रियों को निशाना बनाता था।

बताया गया है कि चार दिन पहले मधुबनी के एक यात्री से मोबाइल छीनकर भाग रहे गिरोह के दो सदस्यों को स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया गया था। हालांकि, उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने फरार साथियों के नाम पुलिस को बताए हैं, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक मोबाइल फोन छीन चुका है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी और छीने गए मोबाइल फोन को आगे किसे और किस माध्यम से बेचा जाता था। पुलिस के मुताबिक गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद मोबाइल छिनतई की कई और घटनाओं का खुलासा हो सकता है।