वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर गुजरात जाएंगे मुजफ्फरपुर के पांच प्रतिभागी
- Post By Admin on Oct 20 2026
मुजफ्फरपुर: वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुजरात के गांधीनगर में आयोजित होने वाले सात दिवसीय वंदे मातरम् शिविर में भाग लेने के लिए मेरा युवा भारत (MY Bharat), मुजफ्फरपुर के पांच प्रतिभागी रवाना हुए। यह शिविर 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसमें छह राज्यों के कुल 150 प्रतिभागियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
शिविर में मुजफ्फरपुर का प्रतिनिधित्व करने वाले में टीम लीडर धर्मेन्द्र कुमार, अजीत कुमार, संतोष कुमार, करीना कुमारी और कोमल कुमारी शामिल हैं। इस दल का नेतृत्व धर्मेन्द्र कुमार करेंगे। रवाना होने से पहले MY भारत, मुजफ्फरपुर की जिला युवा अधिकारी स्मृति सैनी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर MY भारत मुजफ्फरपुर के लेखापाल एवं कार्यक्रम प्रेक्षक विनय कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे।
शिविर का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करना है। इसमें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों को एक-दूसरे की संस्कृति, विचारों और अनुभवों को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही, युवाओं के बीच आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने पर भी जोर रहेगा। MY भारत, मुजफ्फरपुर के इन पांच युवाओं की सहभागिता जिले के लिए गौरव का विषय है। उम्मीद जताई गई है कि प्रतिभागी शिविर से नए अनुभव और सीख लेकर लौटेंगे तथा युवा नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।