सात नक्सली कांडों में वांछित महिला नक्सली गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jun 25 2024
सात नक्सली कांडों में वांछित महिला नक्सली गिरफ्तार

लखीसराय : जिले के चानन थाना क्षेत्र के गोबरदाहा कोड़ासी से सात नक्सली कांडों में वांछित 2017 से फरार चल रही एक महिला नक्सली को गिरफ्तार कर पूछताछ किया जा रहा है। गोबरदाहा ग्रामवासी विशुनदेव कोड़ा की पत्नी गिरफ्तार महिला नक्सली रानी देवी ऊर्फ रानी कोड़ा पूर्व में आत्मसमर्पित हार्डकोर नक्सली अर्जुन कोड़ा एवं वालेश्वर कोड़ा की सहयोगी भी रही है। साथ ही हार्डकोर नक्सली अरविंद यादव की करीबी रही है। जो नक्सलियों को पुलिस मूवमेंट की जानकारी देने के साथ-साथ खाने पीने की सामग्री जुटाने में सहयोग करती रही है।

पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में मंगलवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उक्त जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गठित छापामारी दल को यह सफलता मिली है। इसके पति को पूर्व में ही नक्सली गतिविधि में शामिल रहने के आरोप में जेल भेजा जा चुका है। संदेह के आधार पर गिरफ्तार नक्सली महिला से पूछताछ के बाद नक्सली गतिविधि में शामिल होने की बात पता लगी है। वर्तमान स्थिति को लेकर पूछताछ किया जा रहा है। गिरफ्तार नक्सली महिला की तलाश चानन, कजरा, पीरी बाजार के साथ जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में हुई नक्सली घटना में थी।

छापामारी दल में एएसपी अभियान मोतीलाल, चानन थानाध्यक्ष रविंद्र प्रसाद, पुलिस निरीक्षक पूजा कुमारी, एसएसबी के निरीक्षक विसपाल लाल आदि के साथ अर्ध सैनिक बल एवं पुलिस जवान शामिल थे।