पचास हजार का इनामी अपराधी चेन्नई से गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित
- Post By Admin on Jul 05 2024

लखीसराय : लखीसराय पुलिस की एसआईटी टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। एसआईटी ने चेन्नई से पच्चास हजार का ईनामी अपराधी गौरव कुमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी पर शेखपुरा और लखीसराय के विभिन्न थानों में डकैती व लूट के कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार गौरव लखीसराय जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के वलीपुर गांव का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ के बाद गौरव कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसपी पंकज कुमार ने बताया कि पीरीबाजार थानाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में एसआईटी ने अपराधी गौरव को चेन्नई से गिरफ्तार किया है। अनुसंधान के दौरान यह बात पता चली कि अपराधी गौरव बिहार राज्य के बाहर कहीं छुपकर रह रहा है। इसके बाद उसकी तलाश राज्य के बाहर होने लगी। इसी क्रम में उसे चेन्नई से गिरफ्तार किया गया है। इस पर पीरीबाजार में पेट्रोल पंप में लूट, बड़हिया में बाइक लूट के साथ ही शेखपुरा जिला के नगर थाना, सिरारी, वाउघाट एवं कोरमा थाना में डकैती और लूट के कई संगीन मामले दर्ज हैं। घटना के बाद यह चेन्नई में छुपकर रह रहा था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर चेन्नई से गिरफ्तार किया है।