बुद्ध पूर्णिमा पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
- Post By Admin on May 12 2025
.jpg)
नई दिल्ली : देशभर में आज बुद्ध पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर संदेश देते हुए कहा, “बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों और पूरे विश्व में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। करुणा, अहिंसा और प्रेम का अमर संदेश देने वाले महात्मा बुद्ध का जीवन हमें समानता, सद्भाव और न्याय के शाश्वत मूल्यों में आस्था रखने की प्रेरणा देता है। आइए, हम उनके आदर्शों को अपनाते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण में योगदान दें।”
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी अपने संदेश में बुद्ध पूर्णिमा की बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह पवित्र दिन भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण का प्रतीक है। उनकी शिक्षाएं आज की दुनिया में शांति और दया से भरे समाज के निर्माण के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। आइए, हम गौतम बुद्ध के महान सिद्धांतों के प्रति खुद को फिर से प्रतिबद्ध करें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “सभी देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की ढेरों शुभकामनाएं। सत्य, समानता और सद्भाव के सिद्धांत पर आधारित भगवान बुद्ध का संदेश मानवता का पथ-प्रदर्शक है। उनका त्याग और तप का जीवन सदैव हमें करुणा और शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।”
इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बुद्ध पूर्णिमा पर शुभकामनाएं दीं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “ज्ञान, करुणा और अहिंसा के मार्ग पर चलकर समाज को समानता और एकता का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध का जीवन मनसा, वाचा और कर्मणा की त्रिवेणी है। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए हम सबके सुख और शांति की कामना करते हैं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, “बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर मैं शांति, ज्ञान और करुणा के प्रतीक महात्मा बुद्ध को नमन करता हूं। उनकी शाश्वत शिक्षाएं मानवता को सद्भाव, आत्म-साक्षात्कार और धर्म के मार्ग पर ले जाती हैं।”
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी गौतम बुद्ध को नमन करते हुए लिखा, “सत्य, अहिंसा व मानवता के आदर्श ज्योति को दुनिया में फैलाकर भारत को जगदगुरु का सम्मान दिलाने वाले तथागत गौतम बुद्ध को उनकी जयंती पर शत्-शत् नमन। उनके मार्ग पर चलकर ही देश आत्मनिर्भर और महान बन सकता है।”
बुद्ध पूर्णिमा का यह पर्व भगवान बुद्ध की शिक्षाओं के प्रति पुनः समर्पण का अवसर है, जो समाज को शांति, करुणा और सद्भाव की ओर प्रेरित करता है।