एआईएमआरए की राष्ट्रीय नेतृत्व टीम ने वीवो इंडिया के सीईओ के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

  • Post By Admin on Sep 04 2026
एआईएमआरए की राष्ट्रीय नेतृत्व टीम ने वीवो इंडिया के सीईओ के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

मुजफ्फरपुर: ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (एआईएमआरए) की राष्ट्रीय नेतृत्व टीम ने वीवो इंडिया के सीईओ जेरोम चेन के साथ महत्वपूर्ण आमने-सामने की बैठक की। बैठक में मोबाइल बाजार में तेजी से हो रहे बदलावों, मोबाइल रिटेलर्स से जुड़े प्रमुख मुद्दों तथा स्मार्टफोन उद्योग की आगामी चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान वीवो के आगामी नए उत्पादों, टीडब्ल्यूएस एवं आईओटी सेगमेंट, आगामी त्योहारी सीजन की तैयारियों तथा स्मार्टफोन उद्योग में मेमोरी और चिपसेट की बढ़ती लागत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। एआईएमआरए की राष्ट्रीय नेतृत्व टीम ने मोबाइल रिटेलर्स की समस्याओं, बाजार की वास्तविक स्थिति और व्यापारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को कंपनी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष रखा।

मुजफ्फरपुर एआईएमआरए के जिलाध्यक्ष एवं बिहार उपाध्यक्ष मोहम्मद दिलशाद ने कहा कि यह सभी मोबाइल रिटेलर्स के लिए खुशी की बात है कि एआईएमआरए लगातार देशभर के मोबाइल व्यापारियों की आवाज को विभिन्न कंपनियों के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।उन्होंने कहा कि वीवो इंडिया के सीईओ जेरोम चेन का सरल स्वभाव, व्यापक अनुभव और रिटेलर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुनने की सकारात्मक सोच प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कंपनियों और रिटेलर्स के बीच सीधे संवाद से बाजार की वास्तविक चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझने और उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

एआईएमआरए और कंपनी के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई इस सकारात्मक बातचीत को मोबाइल रिटेल उद्योग के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संगठन को उम्मीद है कि इस संवाद के माध्यम से आने वाले समय में रिटेलर्स से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे, जिसका लाभ मोबाइल व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी मिल सकता है। एआईएमआरए का उद्देश्य देशभर के मोबाइल रिटेलर्स के हितों की रक्षा करना तथा मोबाइल कंपनियों और रिटेलर्स के बीच बेहतर संवाद, सहयोग एवं समन्वय स्थापित करना है। संगठन का कहना है कि उद्योग से जुड़े सभी पक्षों के बीच मजबूत संवाद से मोबाइल रिटेल क्षेत्र को और अधिक व्यवस्थित एवं मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी।