अशोक धाम में अंतिम सोमवारी की तैयारी तेज, मंत्री विजय सिन्हा ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

  • Post By Admin on Aug 23 2026
अशोक धाम में अंतिम सोमवारी की तैयारी तेज, मंत्री विजय सिन्हा ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

लखीसराय : सावन माह की अंतिम सोमवारी को अशोक धाम में उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मंदिर कार्यालय में जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंत्री ने मंदिर परिसर और पहुंच मार्गों पर श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, पेयजल और साफ-सफाई समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतिम सोमवारी के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ काम करें।लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर और पहुंच मार्गों पर प्रत्येक 100 मीटर की दूरी पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था की गई है। भीड़ के व्यवस्थित संचालन और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन विशेष निगरानी रखेगा। मंत्री ने वरिष्ठ और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को अधिक देर तक कतार में खड़ा न रहना पड़े और उन्हें जलाभिषेक में यथासंभव प्राथमिकता एवं सुविधा मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन की ओर से की गई तैयारियों की जानकारी दी। इसमें यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियां शामिल हैं। पिछली सोमवारी को हुई घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन को अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर निगरानी रखने तथा किसी भी अफवाह की स्थिति में तत्काल सूचना एवं नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। सभी विभाग आपसी समन्वय से पूरी तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके और श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकें। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। साथ ही संदिग्ध अथवा भ्रामक सूचनाओं को आगे प्रसारित नहीं करने और प्रशासन एवं सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

अंतिम सोमवारी को लेकर अशोक धाम में जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण जलाभिषेक सुनिश्चित करना है।