मुजफ्फरपुर में ₹141 करोड़ का बड़ा निवेश, 5 नई औद्योगिक इकाइयां; 1500 लोगों को रोजगार
- Post By Admin on Sep 06 2026
मुजफ्फरपुर: जिले में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है। मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के औद्योगिक पार्कों में पांच नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का रास्ता साफ हुआ है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की प्रोजेक्ट क्लीयरेंस कमेटी की बैठक में इन परियोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में कुल करीब 141 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जबकि लगभग 1500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
इनमें मोतीपुर के मेगा फूड पार्क में नूडल्स, पास्ता और अन्य स्नैक्स बनाने वाली इकाई भी शामिल है। इसके लिए करीब 2 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 4000 वर्गफुट का शेड आवंटित किया गया है। वहीं महवल लेदर पार्क में चेन्नई और पटना की कंपनी करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से लेदर गारमेंट्स और अन्य उत्पादों का निर्माण करेगी। महवल लेदर पार्क में गुरुग्राम की एक कंपनी करीब 20 करोड़ रुपये के निवेश से लेदर जैकेट और बैग बनाने की इकाई स्थापित करेगी। एक अन्य कंपनी करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से हैंडबैग और बेल्ट निर्माण का काम शुरू करेगी। सबसे बड़ा निवेश मोतीपुर के बरियारपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित है, जहां मुंबई की एक कंपनी करीब 105 करोड़ रुपये की लागत से वॉल पुट्टी और अन्य बिल्डिंग मैटेरियल बनाने का कारखाना लगाएगी। इसके लिए 5.29 एकड़ जमीन आवंटित की गई है।
इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद मुजफ्फरपुर में उत्पादन, सप्लाई चेन और स्थानीय कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है। खासकर मोतीपुर और महवल के औद्योगिक क्षेत्रों में बाहरी कंपनियों की बढ़ती दिलचस्पी जिले के औद्योगिक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।