नेपाल में हुआ बवाल, तीन की मौत के बाद कई शहरों में कर्फ्यू लागू
- Post By Admin on Jul 31 2026
काठमांडू: नेपाल के तराई क्षेत्र में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़पों में बदल गया, जिसके बाद प्रशासन ने कई संवेदनशील इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। हिंसा में अब तक कम से कम तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग और सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हिंसा की शुरुआत सुनसरी जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और धार्मिक झंडे हटाने को लेकर हुए विवाद से हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और पथराव, आगजनी तथा तोड़फोड़ की घटनाएं शुरू हो गईं।
उपद्रव के दौरान कई वाहनों, दुकानों, सरकारी संपत्तियों और पुलिस चौकियों को निशाना बनाया गया। हालात बिगड़ने के बाद हिंसा की चपेट में आसपास के कई जिले भी आ गए। समाचार एजेंसियों के अनुसार, सिराहा जिले के गोलबाजार में प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक स्थान पर खड़ी 11 मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने गोलबाजार में तत्काल कर्फ्यू लागू कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
मुख्य जिला अधिकारी प्रेम प्रसाद लुइटेल ने कर्फ्यू संबंधी आदेश जारी करते हुए बताया कि यह प्रतिबंध गुरुवार दोपहर 3:30 बजे से प्रभावी हो गया। कर्फ्यू जनकपुर उप-महानगर क्षेत्र के साथ-साथ लक्ष्मिनिया ग्रामीण नगरपालिका और नगराइन नगरपालिका के कई हिस्सों में भी लागू किया गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं और लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
•खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है..