रूसी मिलिट्री इंटेलिजेंस के डिप्टी चीफ जनरल पर जानलेवा हमला, घर के बाहर मारी गोलियां
- Post By Admin on Feb 07 2026
मॉस्को : रूस की राजधानी मॉस्को में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बेहद सनसनीखेज और हाई-प्रोफाइल हमला सामने आया है। रूसी मिलिट्री इंटेलिजेंस (जीआरयू) के डिप्टी चीफ लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव को अज्ञात हमलावर ने उनके आवास के बाहर गोलियों से निशाना बनाया। गंभीर रूप से घायल जनरल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
रूस की जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जनरल अलेक्सेयेव को कई गोलियां लगी हैं। यह हमला उस समय किया गया जब वह अपने अपार्टमेंट भवन में लिफ्ट हॉल या प्रवेश द्वार के पास मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावर ने पहले से उनकी गतिविधियों की रेकी की थी और घात लगाकर बेहद करीब से फायरिंग की।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जनरल की पीठ में तीन गोलियां लगी हैं, जबकि अन्य रिपोर्ट्स में छह गोलियों का जिक्र किया जा रहा है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम तैनात कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ अपुष्ट सूत्रों का यह भी कहना है कि हमलावर महिला हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव रूसी सैन्य खुफिया तंत्र के बेहद प्रभावशाली अधिकारियों में गिने जाते हैं। वह वर्ष 2011 से मिलिट्री इंटेलिजेंस के पहले डिप्टी प्रमुख के तौर पर कार्यरत हैं। देश के लिए उनकी सेवाओं को देखते हुए उन्हें वर्ष 2017 में रूस के सर्वोच्च सम्मान ‘हीरो ऑफ रशिया’ से भी नवाजा जा चुका है।
अलेक्सेयेव की भूमिका 2023 के वैगनर ग्रुप विद्रोह के दौरान भी अहम रही थी, जब उन्होंने विद्रोही लड़ाकों से बगावत खत्म करने की अपील की थी। वह कई गुप्त अभियानों और विशेष सैन्य ऑपरेशनों से सीधे जुड़े रहे हैं।
यूक्रेन युद्ध के बीच मॉस्को के दिल में इतने बड़े सैन्य अधिकारी पर हमला रूस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसे देश की आंतरिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन रूसी अधिकारियों ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए दोषियों को जल्द पकड़ने का दावा किया है।