इस्लामाबाद/कराची : पाकिस्तान में सिंध नदी परियोजना को लेकर विरोध प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है। शनिवार को इस गुस्से ने तब खतरनाक रूप ले लिया जब राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की बेटी और सांसद आसिफा भुट्टो के काफिले पर प्रदर्शनकारियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना कराची के पास पीर मंगल क्षेत्र में उस समय हुई जब आसिफा एक राजनीतिक रैली से लौट रही थीं।
प्रदर्शनकारियों ने अचानक उनका काफिला घेर लिया और वाहनों पर लाठियों से हमला शुरू कर दिया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद एसएसपी जमशोरो ज़फर सिद्दीक ने बताया कि काफिला एक मिनट से भी कम समय के लिए रुका था और किसी को शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा है।
हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दर्जनों प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति की बेटी के काफिले पर आक्रोशित होते दिखाई दे रहे हैं। इस हमले ने सिंध नदी परियोजना को लेकर जन असंतोष की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
सिंध नदी परियोजना को लेकर स्थानीय समुदाय लंबे समय से विरोध जता रहा है। उनका आरोप है कि यह परियोजना न केवल प्राकृतिक संसाधनों का शोषण है, बल्कि इससे सिंध प्रांत की पारंपरिक जीवनशैली और जल संसाधनों पर संकट मंडरा रहा है।
सरकार की ओर से अब तक इस पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना के बाद परियोजना के विरोध में और तेजी आ सकती है। वहीं, विपक्षी दलों ने इसे सुरक्षा में चूक बताते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा है।










