तेहरान : पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव के बीच आखिरकार ईरान और इजरायल के बीच युद्धविराम की घोषणा कर दी गई है। इस ऐलान की पुष्टि अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर की। ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा—"युद्धविराम अब प्रभावी है, कृपया इसका उल्लंघन न करें।"
हालांकि युद्धविराम के ऐलान से ठीक पहले हालात कुछ और ही कहानी बयान कर रहे थे। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, युद्धविराम सुबह 7:30 बजे लागू हुआ, लेकिन इससे चंद मिनट पहले ईरान ने इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार कर दी। ईरान की ओर से छह बार में कुल 10 से 15 मिसाइलें दागी गईं। इनमें से अधिकांश को इजरायली रक्षा प्रणाली ने निष्क्रिय कर दिया, लेकिन एक मिसाइल बीर्शेबा शहर के एक अपार्टमेंट पर गिरी। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं।
ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने इन हमलों को “इजरायल को अंतिम क्षण तक दंडित करने” की रणनीति बताया और अपने सशस्त्र बलों को धन्यवाद दिया। इजरायल ने मिसाइल हमलों की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, एक इजरायली अधिकारी ने अनौपचारिक रूप से कहा कि “अगर दोनों पक्ष युद्धविराम का पालन करते हैं, तो यह समझौता प्रभावी रहेगा।”
ट्रंप ने इस पूरे घटनाक्रम में अपनी भूमिका का बखान करते हुए लिखा कि अगर अमेरिका के बी-2 बमवर्षक पायलटों और सैन्य नेतृत्व की “प्रतिभा और साहस” नहीं होती, तो यह समझौता संभव नहीं हो पाता। उन्होंने इसे “विडंबनापूर्ण” बताते हुए कहा कि “एक निर्णायक हमला ही सभी पक्षों को टेबल पर ले आया।”
इस बीच, युद्धविराम लागू होने के बावजूद क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। इजरायल की ओर से जवाबी कार्रवाई की कोई पुष्टि नहीं है, लेकिन जानकारों का मानना है कि आगे हालात किस दिशा में बढ़ेंगे, यह काफी कुछ दोनों देशों के अगले कदम पर निर्भर करेगा।










