वैश्विक सुरक्षा को झटका : रूस-अमेरिका न्यू स्टार्ट समझौता औपचारिक रूप से खत्म

  • Post By Admin on Feb 06 2026
वैश्विक सुरक्षा को झटका : रूस-अमेरिका न्यू स्टार्ट समझौता औपचारिक रूप से खत्म

मॉस्को : रूस और अमेरिका के बीच परमाणु हथियार नियंत्रण से जुड़ा न्यू स्ट्रैटेजिक आर्म्स रिडक्शन ट्रीटी (न्यू स्टार्ट) समझौता आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है। रूस के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि समझौते की अवधि खत्म होने के बाद अब दोनों देशों पर इसकी किसी भी शर्त का पालन करने की बाध्यता नहीं रह गई है।

रूस के विदेश मंत्रालय ने बताया कि परमाणु हथियारों की तय सीमा को समझौते की समाप्ति के बाद भी स्वेच्छा से बनाए रखने के रूस के प्रस्ताव पर अमेरिका की ओर से अब तक कोई औपचारिक और स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिली है। मंत्रालय का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में रूस यह मानता है कि न्यू स्टार्ट से जुड़े सभी पक्ष अब इसके नियमों और आपसी घोषणाओं से मुक्त हो चुके हैं।

मंत्रालय ने कहा कि समझौते के खत्म होने के बाद अब दोनों देश अपने-अपने राष्ट्रीय हितों के अनुसार अगले कदम तय करने के लिए स्वतंत्र हैं। रूस ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा को किसी नए खतरे का सामना करना पड़ा, तो वह उससे निपटने के लिए कड़े सैन्य और तकनीकी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।

हालांकि, रूस ने यह भी संकेत दिया कि यदि अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं, तो वह रणनीतिक स्थिरता बनाए रखने के लिए अमेरिका के साथ राजनीतिक और कूटनीतिक बातचीत के लिए तैयार है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मॉस्को फिलहाल सुरक्षा हितों को प्राथमिकता दे रहा है, लेकिन संवाद के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए गए हैं।

गौरतलब है कि न्यू स्टार्ट समझौता वर्ष 2010 में रूस और अमेरिका के बीच हुआ था, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के परमाणु हथियारों और उन्हें ले जाने वाले साधनों की संख्या को सीमित करना था। यह समझौता 5 फरवरी 2011 से लागू हुआ था और इसकी प्रारंभिक अवधि 10 साल की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 5 फरवरी 2026 तक कर दिया गया था।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सितंबर 2025 में कहा था कि यदि अमेरिका ऐसे कदम नहीं उठाता जिससे रणनीतिक संतुलन बिगड़े, तो रूस समझौते की मूल सीमाओं का पालन समाप्ति के बाद भी एक साल तक करेगा। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जनवरी में कहा था कि उन्हें इस समझौते के खत्म होने की ज्यादा चिंता नहीं है और उन्हें उम्मीद है कि दोनों देश भविष्य में किसी नए समझौते पर पहुंच सकते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, न्यू स्टार्ट समझौता ही अब तक रूस और अमेरिका के बीच हथियार नियंत्रण से जुड़ा आखिरी बड़ा समझौता था। इससे पहले अमेरिका वर्ष 2019 में इंटरमीडिएट-रेंज न्यूक्लियर फोर्सेज (INF) ट्रीटी से बाहर निकल चुका है, जिससे वैश्विक परमाणु संतुलन को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।