किऊल स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस से कटा युवक, CCTV में आत्महत्या की आशंका

  • Post By Admin on May 17 2026
किऊल स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस से कटा युवक, CCTV में आत्महत्या की आशंका

लखीसराय: पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल स्टेशन पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गाड़ी संख्या 13401 भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के गुजरने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या 4 के समीप एक युवक का शव दो हिस्सों में कटा हुआ पाया गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:20 बजे ट्रेन के प्लेटफॉर्म से गुजरने के बाद रेलवे कर्मियों को इंक्वायरी कार्यालय के पास एक व्यक्ति के कटे हुए शव की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि करीब 35 वर्षीय युवक कमर के पास से दो हिस्सों में कटा हुआ मृत अवस्था में पड़ा था। मृतक ने नीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का ट्राउजर पहन रखा था। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर किऊल द्वारा मेमो जारी किया गया, जिसके बाद जीआरपी किऊल मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या यात्रा संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।

करीब 9:40 बजे जीआरपी द्वारा शव को पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच में युवक को चलती ट्रेन के सामने आत्महत्या की नीयत से जाते हुए देखा गया है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।