विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह का शुभारंभ, छात्रों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश

  • Post By Admin on May 25 2026
विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह का शुभारंभ, छात्रों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश

लखीसराय : पी.एम. श्री प्लस टू उच्च विद्यालय, खुटहा में विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशामुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 25 मई से 31 मई तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन विद्यार्थियों को तंबाकू और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. रामानुज सिंह तथा विद्यालय के अवकाशप्राप्त प्राचार्य श्री अरविंद कुमार भारती ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में करीब 250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं में बढ़ती तंबाकू एवं निकोटीन की लत पर चिंता जताते हुए इससे होने वाली गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग एवं फेफड़ों की बीमारी के बारे में जानकारी दी। डॉ. रामानुज सिंह ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 1987 से तंबाकू से होने वाली बीमारियों और मौतों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “तंबाकू और निकोटीन की आकर्षक चालों का पर्दाफाश : लत के विरुद्ध संघर्ष” युवाओं को तंबाकू उद्योग के भ्रमजाल से बचने का संदेश देती है। डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों से हर प्रकार के नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। अवकाशप्राप्त प्राचार्य अरविंद कुमार भारती ने कहा कि सच्चा हीरो वही है जो स्वयं भी नशे से दूर रहे और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करे। वहीं विद्यालय प्रभारी श्री मंगेश झा ने कहा कि “आरोग्यं परमं भाग्यं” अर्थात स्वास्थ्य सबसे बड़ा सौभाग्य है।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरीय शिक्षक एवं राज्य स्तरीय साधनसेवी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने किया। उन्होंने बताया कि सप्ताह भर विद्यालय में जागरूकता अभियान, शपथ ग्रहण, पोस्टर प्रतियोगिता एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशामुक्ति से जुड़े नारे लगाए तथा अंत में सभी को नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।