सखी वार्ता के माध्यम से महिलाओं को किया जागरूक, बाल विवाह रोकने का दिलाया संकल्प
- Post By Admin on Jul 01 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में नगर परिषद क्षेत्र के पासवान टोला, मकुना में बुधवार को 'सखी वार्ता' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिलाओं को मिशन शक्ति के विभिन्न घटकों, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह और नशा मुक्ति को लेकर महिलाओं को जागरूक करते हुए सामूहिक रूप से शपथ भी दिलाई। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार ने उपस्थित महिलाओं एवं स्थानीय लोगों को बाल विवाह न करने और न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई। साथ ही सभी ने अपने क्षेत्र को बाल विवाह मुक्त और नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 'सखी वार्ता' का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी महिलाओं तक सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है। महिलाओं की जागरूकता ही उनके वास्तविक सशक्तिकरण का आधार है। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका पूनम कुमारी, नीलू कुमारी, सहायिका गायत्री देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।