कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीसरे चरण के पैक्स चुनाव का आज होगा मतदान, सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी

  • Post By Admin on Nov 29 2024
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीसरे चरण के पैक्स चुनाव का आज होगा मतदान, सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी

मुज़फ्फरपुर : जिले के मड़वन, सरैया, पारू और कुढ़नी प्रखंडों में आज तीसरे चरण के पैक्स चुनाव के लिए मतदान होगा। यह मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है। चुनाव के दौरान 275 मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मतदान कर्मियों को गुरुवार को संबंधित प्रखंड मुख्यालय से मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा जारी गाइडलाइनों का पालन करने का सख्त निर्देश दिया है।

मतदान के दौरान 827 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। जिसमें 204 पुलिस बल सेक्टर स्तर पर, 72 पुलिस बल जोनल स्तर पर और 61 पुलिस बल क्यूआरटी स्तर पर तैनात रहेंगे। सुपर जोनल स्तर पर डीएसपी रैंक के अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि मतदान शांतिपूर्वक और बिना किसी परेशानी के संपन्न हो सके।

मतगणना की प्रक्रिया 30 नवम्बर, शनिवार को प्रखंड मुख्यालय पर सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी। चुनाव में कुल 88 पैक्स के अध्यक्ष पद और प्रबंधकारिणी सदस्य के पदों के लिए मतदान होगा। जबकि 11 पैक्स निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं या चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं।

पैक्स चुनाव के अंतर्गत मड़वन प्रखंड में 11 पैक्स और 33 मतदान केंद्र, सरैया प्रखंड में 20 पैक्स और 64 मतदान केंद्र, पारू प्रखंड में 25 पैक्स और 72 मतदान केंद्र, कुढ़नी प्रखंड में 32 पैक्स और 106 मतदान केंद्रों की संख्या है।

कुछ पैक्स या तो निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं या चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। जिसमें सरैया में गिजास, अमैठा, खैरा (प्राधिकार द्वारा स्थगित), पारू में मंगूरहियां, कटारू, धरफरी, नेकनामपुर, जयमल डुमरी, मड़वन में रूपवारा और बड़कागांव दक्षिणी, कुढ़नी में लदौड़ा (कोरम के अभाव में स्थगित) है।

इस महत्वपूर्ण चुनाव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और स्थिर विधि व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी, उपविकास आयुक्त और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया है।