मतदान करें, नया झारखंड गढ़ें : संजय सेठ
- Post By Admin on Nov 13 2024

रांची : रांची के सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सोमवार को अपने परिवार संग मतदान कर लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई। मतदान के बाद संजय सेठ ने झारखंड के मतदाताओं से अपील की कि वे भी अपने परिवार के साथ मतदान करें और एक नया झारखंड गढ़ने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता पिछले पांच वर्षों में भ्रष्टाचार से त्रस्त हो चुकी है और अब बदलाव की चाह रखती है। भाजपा इस चुनाव में दो तिहाई बहुमत से जीत हासिल करेगी।
संजय सेठ ने बांग्लादेश से हो रही अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर भी जोर दिया और भाजपा की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि 24 नवंबर से राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठियों को चुन-चुनकर सीमा पार किया जाएगा।
उन्होंने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके द्वारा हिंदू धर्म को लेकर की गई टिप्पणी गलत है और इसे वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा बताया। सेठ ने कहा, "हमारा धर्म हमें कट्टरपंथ नहीं सिखाता।"
संजय सेठ ने मतदाताओं से आह्वान किया, "जैसे हमने परिवार संग अपनी जिम्मेदारी निभाई है, आप भी बूथ पर जाकर मतदान करें। यही लोकतंत्र का सबसे बड़ा कर्तव्य है। आइए, मतदान करें और नया झारखंड बनाएं।"