विश्व झील दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, कृष्णा प्रसाद सिंह को दी श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Aug 27 2026
विश्व झील दिवस पर पर्यावरण भारती ने किया पौधारोपण, कृष्णा प्रसाद सिंह को दी श्रद्धांजलि

लखीसराय : विश्व झील दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती की ओर से वृन्दावन, किऊल और चानन क्षेत्र में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लखीसराय जिला संघचालक कृष्णा प्रसाद सिंह (सहदुल जी) के निधन पर उनकी स्मृति में भी पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण शैक्षणिक आयाम के प्रांत प्रमुख अरविंद कुमार ने किया।

पर्यावरण भारती के संस्थापक एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि पेड़ों की लगातार कटाई से पर्यावरण का संतुलन प्रभावित हुआ है और प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने और पेड़ों की देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने नेपाल में हाल में आई बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राकृतिक घटनाओं के प्रभाव को कम करने के लिए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि विश्व झील दिवस का उद्देश्य मीठे जल के स्रोतों और झीलों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। बढ़ती आबादी के कारण झीलों और अन्य जलस्रोतों पर अतिक्रमण का दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन का आधार है, इसलिए झीलों और जलस्रोतों का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसी कार्यक्रम के दौरान आरएसएस के लखीसराय जिला संघचालक कृष्णा प्रसाद सिंह (सहदुल जी) के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उनका निधन 26 अगस्त 2026 की रात बड़हिया स्थित उनके पैतृक आवास धनराज टोला में हुआ। वे बड़हिया के किसान होने के साथ सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े व्यक्ति थे। उन्होंने टाल क्षेत्र में भी पौधारोपण अभियान चलाया था।

कृष्णा प्रसाद सिंह देशी गोवंश के पालन से भी जुड़े थे और धार्मिक गतिविधियों में गायत्री परिवार के साथ सक्रिय रहे। पर्यावरण भारती ने उनके पर्यावरण एवं सामाजिक कार्यों को याद करते हुए उनकी स्मृति में पौधारोपण को श्रद्धांजलि का सार्थक माध्यम बताया।कार्यक्रम में विजय कुमार रवि, शुभेन्दु कुमार, हिमालय, राम बिलास शाण्डिल्य, मिथिलेश कुमार, सुमित कुमार, अक्षत राज, घनश्याम प्रसाद और शिक्षक अरविंद कुमार सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।