बकरीद से पहले गौ तस्करी रोकने की मांग, विहिप-बजरंग दल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

  • Post By Admin on May 22 2026
बकरीद से पहले गौ तस्करी रोकने की मांग, विहिप-बजरंग दल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

लखीसराय : विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बकरीद के अवसर पर जिले में संभावित अवैध गौवंश तस्करी और गोवध की रोकथाम को लेकर जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन की ओर से प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि बकरीद के दौरान जिले में बड़े पैमाने पर अवैध गोवंश तस्करी की आशंका रहती है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। संगठन ने बिहार पशु संरक्षण एवं सुधार अधिनियम-1955 सहित विभिन्न कानूनों का हवाला देते हुए गोवध और गो-तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में प्रशासन से जिलेभर में विशेष निगरानी अभियान चलाने, पशु बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में जांच बढ़ाने, पशु परिवहन वाहनों की सघन जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत करने और पशुपालन विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी आग्रह किया गया।

विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि गौवंश संरक्षण भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय है, इसलिए प्रशासन को इस मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान जिला विश्व हिंदू परिषद गौ रक्षा प्रमुख नवीन सोनी, सह रक्षा प्रमुख दीपक अग्रवाल, गौशाला संपर्क प्रमुख बादल कुमार तथा क्यूल प्रखंड संयोजक सोनू कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।