डॉ. संजय पंकज के जन्मदिन पर मुजफ्फरपुर बना रचनाधर्मिता का केंद्र

  • Post By Admin on Dec 05 2025
डॉ. संजय पंकज के जन्मदिन पर मुजफ्फरपुर बना रचनाधर्मिता का केंद्र

मुजफ्फरपुर: शहर का साहित्यिक परिवेश शुक्रवार को उस समय उल्लास से भर उठा, जब मिठनपुरा स्थित एक प्रतिष्ठित होटल के सभागार में प्रख्यात कवि-गीतकार डॉ. संजय पंकज के जन्मदिवस पर ‘प्रणव पर्व’ जैसा विराट साहित्यिक आयोजन देखने को मिला। साहित्य, समाज और राजनीति से जुड़े दिग्गजों की भारी उपस्थिति ने इस समारोह को एक यादगार उत्सव का रूप दे दिया।

कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब एल.एन.टी. महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने डॉ. पंकज को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “डॉ. संजय पंकज का सृजनशील योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का प्रकाशस्तंभ है।”

समारोह में पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा, डॉ. अविनाश तिरंगा, मुकेश त्रिपाठी, सोनू सिंह, रमेश रत्नाकर, प्रो. अरुण कुमार सिन्हा, शम्भूनाथ चौबे, सुगंध कुमार, अखिलेश राय समेत सैकड़ों प्रमुख व्यक्तित्वों ने शिरकत की। सभी ने डॉ. पंकज के रचनात्मक सफर की सराहना करते हुए उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

‘प्रणव पर्व’ केवल एक जन्मदिवस समारोह नहीं, बल्कि मुजफ्फरपुर की साहित्य-प्रेमी आत्मा का उत्सव बनकर सामने आया। यह आयोजन इस बात का प्रमाण रहा कि शहर न सिर्फ साहित्य को आदर देता है, बल्कि उसके संरक्षण व संवर्धन के प्रति भी गहरी प्रतिबद्धता रखता है।