ग्राउंड जीरो पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह : चानन में फ्रोजन सीमेन स्टेशन का निरीक्षण, काम में तेजी के निर्देश
- Post By Admin on Sep 05 2026
लखीसराय : केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शनिवार को चानन प्रखंड में प्रस्तावित फ्रोजन सीमेन स्टेशन परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव सह कॉमफेड अध्यक्ष शीर्षत कपिल अशोक (भा.प्र.से.) भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में संबंधित विभागों और संस्थाओं के अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को प्रतिवर्ष 506 लाख डोज उत्पादन क्षमता वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की वर्तमान प्रगति, तकनीकी पहलुओं तथा प्रशासनिक तैयारियों से अवगत कराया।
केंद्रीय मंत्री ने स्थल पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य की गति तेज करें, ताकि निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि परियोजना के ससमय पूरा होने से क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों का सीधा लाभ मिलेगा और पशुधन नस्ल सुधार को बढ़ावा मिलेगा।
इस स्थलीय भ्रमण के दौरान लखीसराय के जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी और एनडीडीबी (NDDB) आनंद के उप महाप्रबंधक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।