रामदयालु सिंह महाविद्यालय में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव, छात्रों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच

  • Post By Admin on Apr 17 2026
रामदयालु सिंह महाविद्यालय में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव, छात्रों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच

मुजफ्फरपुर: जिला स्थित स्थित रामदयालु सिंह महाविद्यालय में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से 17 और 18 अप्रैल को दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कॉलेज परिसर में होने वाला यह आयोजन छात्रों के लिए कला, संस्कृति और रचनात्मकता का बड़ा अवसर साबित होने वाला है।

“विरासत” कल्चरल कमिटी की संयोजिका डॉ आरती कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के पहले दिन सोलो डांस, सोलो गायन, रंगोली और आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं दूसरे दिन कार्यक्रम और भी रंगीन होगा, जिसमें ग्रुप गायन, डुएट डांस, पेंटिंग, स्टैंड-अप कॉमेडी, कविता प्रस्तुति और ग्रुप डांस जैसी आकर्षक गतिविधियां शामिल रहेंगी। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुष्मिता झा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी। महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्राचार्य डॉ शशि भूषण कुमार ने कल्चरल कमेटी के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व का विकास करना, उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि पाठ्यक्रम के अलावा इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और टीमवर्क की भावना को मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम की तैयारी में कल्चरल कमेटी के सदस्य डॉ सुमन लता, डॉ प्रियंका दीक्षित, डॉ हसन रजा, डॉ कृतिका वर्मा, डॉ स्नेहलता और कुमारी निधि सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। महाविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि यह सांस्कृतिक महोत्सव छात्रों के बीच कला और संस्कृति के प्रति नया उत्साह पैदा करेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर देगा।