हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

  • Post By Admin on May 30 2026
हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय : हिन्दी पत्रकारिता दिवस तथा केएसएस कॉलेज के पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर महेश प्रसाद सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय सुशीला देवी की स्मृति में शुक्रवार को केएसएस कॉलेज परिसर, पुरानी बाजार में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर तीन पीपल के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी राम प्रवेश कुमार ने किया, जबकि अक्षत राज ने सहयोगी की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक विकास की दौड़ में कंक्रीट के जंगल बढ़ते जा रहे हैं, जिससे प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी और पर्यावरणीय संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीपल और बरगद जैसे देव वृक्ष प्राकृतिक एयर कंडीशनर की तरह कार्य करते हैं तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोगों से अपने घरों और आसपास कम से कम दस पेड़ लगाने की अपील करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर बल दिया।

राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि 30 मई 1826 को कोलकाता से प्रकाशित हिन्दी के प्रथम समाचार पत्र ‘उदन्त मार्तण्ड’ के प्रकाशन के साथ हिन्दी पत्रकारिता की शुरुआत हुई थी। इसके संपादक एवं प्रकाशक पंडित जुगल किशोर शुक्ल थे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हिन्दी पत्रकारिता दिवस का विशेष महत्व है। इस अवसर पर पंडित जुगल किशोर शुक्ल को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि प्रोफेसर महेश प्रसाद सिंह ने शिक्षा और हिन्दी भाषा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी स्मृति तथा स्वर्गीय सुशीला देवी के पुण्य स्मरण में पीपल का पौधारोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में राम प्रवेश कुमार, अक्षत राज, कृश कुमार, अविनाश, सत्यम, शानू, कुन्दन, गोलू, मिल्टन, आकाश, आदित्य, विवेक, सन्नी, महेंद्र रवानी, पंजाबी, अजय कुमार मंडल सहित अनेक लोगों ने भाग लिया।