लखीसराय में तीन दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा शिविर, 21 जुलाई से शुरू होगी मोबाइल वैन सेवा
- Post By Admin on Jul 07 2026
लखीसराय : जिले के लोगों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विदेश मंत्रालय की ओर से लखीसराय समाहरणालय परिसर में तीन दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 21 से 23 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिससे नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
शिविर का उद्घाटन 21 जुलाई को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं पटना की क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वधा रिजवी संयुक्त रूप से करेंगे। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है। जिला प्रशासन के अनुसार, लखीसराय में पासपोर्ट की बढ़ती मांग को देखते हुए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2025 में 1 से 3 जुलाई के बीच आयोजित मोबाइल वैन शिविर को अच्छी सफलता मिली थी। उसी अनुभव के आधार पर एक बार फिर यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल 2024 से बिहार के विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाला यह 19वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर है। पूर्व में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से राज्य में करीब 2,500 पासपोर्ट आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है।
इस तीन दिवसीय शिविर में कुल 165 आवेदनों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रतिदिन 55 आवेदकों को ही अपॉइंटमेंट दिया जाएगा। इच्छुक आवेदकों को पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा तथा लोकेशन के विकल्प में "पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर, लखीसराय" का चयन करना होगा। जिला प्रशासन ने जिले के इच्छुक नागरिकों से समय रहते आवेदन कर इस विशेष सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।