जनसंघर्षों की सहभागी रहीं सावित्री देवी को नम आंखों से दी गई अंतिम श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on May 30 2026
जनसंघर्षों की सहभागी रहीं सावित्री देवी को नम आंखों से दी गई अंतिम श्रद्धांजलि

लखीसराय : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के पूर्व जिला सचिव कॉमरेड मोती साह की धर्मपत्नी सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 65 वर्ष की थीं। अपने पीछे वह एक पुत्र, एक पुत्री एवं भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।

सावित्री देवी के निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न संगठनों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का उनके आवास पर तांता लगा रहा। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सीपीएम जिला मंत्री शंकर राम, सचिव मंडल सदस्य सुनील कुमार, रंजीत कुमार अजित, रौशन सिंह, दिनकर, शिवदानी सिंह बच्चन, जिला कमेटी सदस्य राधिका रानी, रणधीर कुमार, दीपक वर्मा, अधिवक्ता सुधीर यादव, रामपाल मांझी, नगर परिषद सभापति अरविंद पासवान, वार्ड पार्षद जय प्रकाश गुप्ता, सीपीआई(एमएल) नेता संजय अनुरागी, वार्ड प्रतिनिधि बबलू साव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि सावित्री देवी एक संघर्षशील एवं सरल स्वभाव की महिला थीं। उन्होंने जीवनभर अपने परिवार के साथ-साथ सामाजिक एवं जनसंघर्षों में सक्रिय रहने वाले अपने पति कॉमरेड मोती साह का हर कदम पर साथ दिया। नेताओं ने कहा कि वर्ष 1995 से जन आंदोलनों और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए उनका घर हमेशा खुला रहता था और उन्होंने अनेक अवसरों पर कार्यकर्ताओं का आत्मीयता से स्वागत एवं सत्कार किया। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके निधन को समाज और जनआंदोलन से जुड़े परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।