जीएनएम स्कूल की छात्राओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, किया पौधारोपण
- Post By Admin on Jun 05 2026
लखीसराय : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जीएनएम स्कूल, नूनगढ़, लखीसराय में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जीएनएम स्कूल के डीडीओ विनय कुमार, प्राचार्या पूजा कुमारी, कनीय लिपिक रूपेश कुमार सहित संस्थान के सभी कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जीएनएम सत्र 2023-26, 2024-27 एवं 2025-28 की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
डीडीओ विनय कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और वृक्षों की छांव मिल सके। वहीं प्राचार्या पूजा कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी और पर्यावरणीय चुनौतियों से बचाव के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी लोगों से पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में सत्र 2023-26 की छात्राएं वंदना कुमारी, सुमन कुमारी, खुशबू कुमारी एवं शिवानी कुमारी, सत्र 2024-27 की प्रेरणा, जुली प्रिया, पूजा कुमारी, अंजली भारती, संध्या कुशवाहा एवं शिव प्रकाश तथा सत्र 2025-28 की कृति कुमारी, ऊषा कुमारी और प्रिया कुमारी सहित अन्य छात्राएं मौजूद रहीं। पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं और कर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।