प्राचीन धरोहरों से रूबरू हुए छात्र, संग्रहालय भ्रमण ने बढ़ाई इतिहास में रुचि

  • Post By Admin on Jul 03 2026
प्राचीन धरोहरों से रूबरू हुए छात्र, संग्रहालय भ्रमण ने बढ़ाई इतिहास में रुचि

लखीसराय : लखीसराय संग्रहालय में शुक्रवार को मध्य विद्यालय, बालगुदर के छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन मूर्तियों, पुरातात्विक अवशेषों और ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन कर बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संग्रहालय में संरक्षित धरोहरों के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत देश की अमूल्य धरोहर है और युवा पीढ़ी को इसके संरक्षण के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऐतिहासिक धरोहरों को पहचानने और उनके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। प्राचीन कलाकृतियों और ऐतिहासिक वस्तुओं को देखकर बच्चों ने कई जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका संग्रहालय के विशेषज्ञों ने सरल एवं विस्तृत उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को इतिहास और संस्कृति को नजदीक से समझने का अवसर मिला।

वरीय तकनीकी सहायक राजेश कुमार ने कहा कि संग्रहालय समय-समय पर ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करता है, ताकि विद्यार्थियों में इतिहास, संस्कृति और पुरातात्विक धरोहरों के प्रति रुचि तथा संरक्षण की भावना विकसित हो सके। उन्होंने विद्यालय के प्रधान शिक्षक बासुकीनाथ सिंह एवं शिक्षिका शोभा कुमारी से आग्रह किया कि वे नियमित रूप से विद्यार्थियों को संग्रहालय भ्रमण के लिए लाएं, जिससे बच्चे अपनी सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझ सकें और प्राचीन मूर्तियों की सही पहचान करना सीख सकें। इस अवसर पर संग्रहालय कर्मी अंकित कुमार, पूनम कुमारी, ऋषभ कुमार, राजेंद्र प्रसाद यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।