एनसीओआरडी बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर बनी रणनीति
- Post By Admin on May 29 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में एनसीओआरडी (NCORD) जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध तस्करी पर नियंत्रण एवं नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान मादक पदार्थों की तस्करी रोकने एवं इसके दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी एवं जन-जागरूकता आधारित बनाया जाए, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने पंचायत और विद्यालय स्तर तक जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन तथा नशा मुक्ति केंद्रों के सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा अवैध अफीम एवं गांजा की खेती वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम लागू करने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भारत सरकार की “असिस्टेंस टू स्टेट्स/यूटीज फॉर नारकोटिक्स कंट्रोल स्कीम” एवं “नेशनल फंड फॉर कंट्रोल ऑफ ड्रग एब्यूज (NFCDA)” योजनाओं के तहत स्वीकृत राशि के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई।
इसके साथ ही राज्य में फॉरेंसिक प्रयोगशाला की क्षमता वृद्धि, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अधीक्षक मद्य निषेध विभा कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।