लखीसराय में सहयोग पोर्टल की मॉनिटरिंग और संचालन पर विशेष प्रशिक्षण
- Post By Admin on May 21 2026
लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में “सहयोग शिविर” से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन तथा अनुश्रवण को लेकर “सहयोग पोर्टल” के प्रभावी संचालन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन को सुनिश्चित करना था।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान अधिकारियों और कर्मियों को “सहयोग पोर्टल” पर प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि, अद्यतन जानकारी अपलोड करने, संबंधित विभागों को अग्रसारित करने तथा निष्पादन प्रतिवेदन अपलोड करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि सहयोग शिविर में आने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल के तकनीकी संचालन एवं व्यवहारिक उपयोग से संबंधित पहलुओं की भी जानकारी दी गई, ताकि अधिकारी और कर्मी शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा का सामना न करें। इस अवसर पर भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, सहायक सूचना विज्ञान पदाधिकारी आकांक्षा, आईटी मैनेजर अभिषेक गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।