जेनिथ सोशल फाउंडेशन ने लगाया आत्मरक्षा शिविर, सैकड़ों बच्चों ने सीखी कराटे की तकनीक

  • Post By Admin on Sep 09 2026
जेनिथ सोशल फाउंडेशन ने लगाया आत्मरक्षा शिविर, सैकड़ों बच्चों ने सीखी कराटे की तकनीक

जमुई : सोनो प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, तेलियादह में जेनिथ सोशल फाउंडेशन की ओर से आत्मरक्षा एवं कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान बच्चों को आत्मरक्षा से जुड़ी विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया गया, जिसमें ब्लॉक और पंच जैसी तकनीकें शामिल रहीं।

फाउंडेशन के जिला महासचिव पियुष बरनवाल ने कहा कि आत्मरक्षा का मतलब केवल मुकाबला करना नहीं है, बल्कि किसी संभावित खतरे को समय रहते पहचानना, उससे बचाव करना और खुद को सुरक्षित रखना सीखना भी इसका हिस्सा है। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश प्रसाद यादव ने फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के लिए उपयोगी हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित होने के साथ सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। प्रशिक्षण शिविर के दौरान शिक्षक प्रकाश कुमार गुप्ता, सुजित कुमार सहित छात्र जितेन्द्र, सोनी, सोनम और अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।