सोशल वर्कर फॉर विमेन एम्पावरमेंट संस्था ने उठाया मुस्लिम लड़की की शादी का बीड़ा, परिवार को मिली राहत

  • Post By Admin on Oct 18 2024
सोशल वर्कर फॉर विमेन एम्पावरमेंट संस्था ने उठाया मुस्लिम लड़की की शादी का बीड़ा, परिवार को मिली राहत

मुजफ्फरपुर : गुरुवार को सोशल वर्कर फॉर वूमेन एंपावरमेंट संस्था ने एक मुस्लिम लड़की की शादी के लिए पूरी व्यवस्था की। इस अवसर पर संस्था ने लड़की के लिए आवश्यक सभी सामग्रियां प्रदान कीं, जिनमें चावल, आटा, दाल, साड़ी, सूट, कुर्ता-पजामा, ट्रॉली बैग, पायल, श्रृंगार का सामान, 5100 रुपये नकद और बर्तन सेट शामिल थे। यह मदद उस मुस्लिम परिवार को दी गई, जिसकी बेटी की शादी इसी महीने की 30 तारीख को होनी है।

संस्था की अध्यक्ष रानू गुप्ता, सचिव पूनम गुप्ता, विमला गुप्ता, मीना गुप्ता, डॉ. बेनू वर्तिका और संस्थापक बबली कुमारी इस मौके पर उपस्थित रहीं। पक्की सराय निवासी इस लड़की की मां ने संस्था से मिली इस सहायता पर बेहद खुशी जताई।

संस्था ने लड़की की मां को आश्वासन दिया कि शादी के दिन अगर किसी सामान की कमी होती है तो वह भी पूरा किया जाएगा। विदाई तक की सभी जिम्मेदारियां संस्था ने अपने ऊपर ले ली हैं, ताकि शादी सुचारू रूप से संपन्न हो सके। 

इस उदार पहल की स्थानीय स्तर पर खूब सराहना हो रही है। गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के इस कदम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है। लड़की की मां ने इस मदद के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें शादी के लिए सभी जरूरी वस्तुएं मिल गई हैं।