भक्ति, संस्कृति और उल्लास से सराबोर हुआ आयोजन; कृष्ण-सुदामा मिलन व मटका फोड़ ने मोहा मन

  • Post By Admin on Sep 04 2026
भक्ति, संस्कृति और उल्लास से सराबोर हुआ आयोजन; कृष्ण-सुदामा मिलन व मटका फोड़ ने मोहा मन

मुजफ्फरपुर: सिमरा किशनपुरा में विद्यार्थियों की टोली ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया। भक्ति, उल्लास और भारतीय संस्कृति के रंगों से सजे इस आयोजन में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा और उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम का खूब आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री फतह नारायण राजकीय मध्य विद्यालय, सिमरा के प्रभारी प्रधानाध्यापक दिनेश प्रसाद यादव एवं ग्रामीण चिकित्सक सह समाजसेवी गणेश महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आर्यन ने श्रीकृष्ण, काजल कुमारी ने राधा तथा बिट्टू ने सुदामा की भूमिका निभाकर शानदार प्रस्तुति दी। कृष्ण-सुदामा मिलन के भावपूर्ण मंचन ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने कृष्ण आरती एवं मटका फोड़ कार्यक्रम में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में विद्यार्थियों ने केक काटकर उत्सव को और भी यादगार बना दिया। मटका फोड़ कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को जीवंत बना दिया। आयोजन को सफल बनाने में अभिषेक, मृत्युंजय, चित्रांशु, प्रिंस, सुमित, मनीष, रवि, चंदन, अमित एवं रंगीश सहित पूरी आयोजक टीम का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर युवा साहित्यकार कुमार संदीप ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं सनातन परंपराओं को जीवंत रखने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और आयोजक टीम के समर्पण ने कृष्ण जन्मोत्सव को विशेष बना दिया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी टीम की मेहनत और समर्पण की सराहना की। भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल एक उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कार और श्रीकृष्ण के आदर्शों से जुड़ने का अवसर भी मिला। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी रुचि और उत्साह का परिचय दिया।

✍️ कुमार संदीप