लखीसराय में ‘शिवनगर वनरोपण 2026-27’ अभियान का शुभारंभ, 27,500 पौधे लगाने का लक्ष्य

  • Post By Admin on Jul 11 2026
लखीसराय में ‘शिवनगर वनरोपण 2026-27’ अभियान का शुभारंभ, 27,500 पौधे लगाने का लक्ष्य

लखीसराय : पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित बुधौली बनकर पंचायत के बाँकुड़ा गांव के समीप "शिवनगर वनरोपण 2026-27" अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत कुल 27,500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं वन क्षेत्र पदाधिकारी उत्तम कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया गया। वन विभाग के अनुसार अभियान के तहत बरगद, पीपल, गम्हार, बाँस और आंवला सहित विभिन्न उपयोगी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इन पौधों का चयन स्थानीय जलवायु एवं मिट्टी की गुणवत्ता को ध्यान में रखकर किया गया है, ताकि इनका बेहतर विकास और दीर्घकालिक संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में वनपाल कुमोद कुमार, वनरक्षी मुन्ना कुमार, अनिल शर्मा सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।