शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं, समाज को दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका सर्वोपरि : प्रणव
- Post By Admin on Sep 05 2026
मुजफ्फरपुर: शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रखंड संसाधन केंद्र, बोचहां के तत्वावधान में उच्च माध्यमिक विद्यालय, बोचहां परिसर में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले प्रखंड के 40 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र, कलम एवं डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ, बोचहां के अध्यक्ष सह जिला प्राथमिक शिक्षक संघ, मुजफ्फरपुर के उप प्रधान सचिव शशि सिद्धेश्वर कुमार उर्फ गुलाब यादव ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बोचहां प्रणव कुमार ने की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी बोचहां जूही कुमारी रहीं। उन्होंने शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में जूही कुमारी ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को भी आकार देते हैं। उन्होंने शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रणव कुमार ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और समाज में शिक्षकों का स्थान सर्वोच्च सम्मान का है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से आने वाली पीढ़ियों का निर्माण होता है। उन्होंने सभी शिक्षकों से पूरी निष्ठा, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह में सेवानिवृत्त प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विनोद सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक धनेश्वर कुमार एवं सोनेलाल पासवान को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा दोनों को डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापक भी मौजूद रहे। इनमें प्राथमिक शिक्षक संघ, गोप गुट, मुजफ्फरपुर के जिला सचिव पवन कुमार सहनी, प्राथमिक शिक्षक संघ बोचहां के प्रखंड सचिव प्रवीण कुमार, परिवर्तनकारी शिक्षक संघ बोचहां के प्रखंड अध्यक्ष विपिन बिहारी यादव, प्रधान शिक्षक संघ मुजफ्फरपुर के जिला अध्यक्ष मिंटू कुमार, उच्च विद्यालय बोचहां की प्रधानाध्यापिका स्मिता कुमारी, उच्च विद्यालय बाजितपुर के प्रधानाध्यापक अमित कुमार, उच्च विद्यालय सहिला हथौड़ी के प्रधानाध्यापक मोहम्मद तारिक अनवर रिजवी सहित कई शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
समारोह में शिक्षा एवं शिक्षण कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रज्ञा यादव, खुशबु, मनोज कुमार, श्वेतांक कुमार, मनीष सिंह, पिंकी कुमारी, भोला शाही, निशा सबरीना, चंदन यादव, प्रधानाध्यापक रामदयाल यादव, संतोष कुमार, बीआरसी कर्मी प्रकाश कुमार एवं अखिलेश कुमार सहित 40 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं, सभी संकुल प्रभारी एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान, शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण का संकल्प देखने को मिला। शिक्षक दिवस पर आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों को सार्वजनिक रूप से पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करने के साथ शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।