पीडीएस दुकानों की चयन प्रक्रिया रद्द, जिला प्रशासन ने निरस्त किया विज्ञापन
- Post By Admin on May 21 2026
लखीसराय : जिले में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों के नए विक्रेताओं की नियुक्ति के लिए चल रही अनुज्ञप्ति चयन प्रक्रिया को जिला प्रशासन ने रद्द कर दिया है। इस संबंध में समाहरणालय स्थित जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा आदेश जारी किया गया है। यह निर्णय जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में प्राप्त दावा-आपत्तियों की समीक्षा के बाद लिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर नए जन वितरण विक्रेताओं के चयन के लिए विज्ञापन संख्या-01/2025 जारी किया गया था। इसके तहत जिले के विभिन्न पंचायतों एवं नगर क्षेत्रों में रिक्त दुकानों के लिए आवेदन मांगे गए थे। निर्धारित अवधि तक कुल 763 आवेदन प्राप्त हुए थे। संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा इन आवेदनों की जांच कर पात्र अभ्यर्थियों की सूची 25 नवंबर 2025 को प्रकाशित की गई थी। इसके बाद जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक में आवेदन एवं दावा-आपत्तियों पर विचार किया गया।
14 मई 2026 को आयोजित चयन समिति की बैठक में सदस्यों ने सभी दावा-आपत्तियों की गंभीरता से समीक्षा की। जांच के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद एवं आपत्तियां सामने आ रही हैं। चयन प्रक्रिया के विरुद्ध कई दावा-आपत्ति आवेदन भी प्राप्त हुए हैं, जिससे भविष्य में प्रशासनिक एवं विधिक विवाद उत्पन्न होने की संभावना जताई गई। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए तथा चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने संपूर्ण चयन प्रक्रिया को वर्तमान स्थिति में रद्द करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही विज्ञापन संख्या-01/2025 को भी निरस्त कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों, आपूर्ति निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आम लोगों तक सूचना पहुंचाने का निर्देश दिया है।