अनुसूचित जनजाति समुदाय को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, 18 मई से जनभागीदारी अभियान शुरू
- Post By Admin on May 16 2026
लखीसराय: जनजातीय समुदाय तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से 18 मई 2026 से 25 मई 2026 तक जनभागीदारी अभियान चलाया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ 18 मई को जिला पदाधिकारी लखीसराय द्वारा जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया जाएगा। इसके बाद सूर्यगढ़ा प्रखंड के आठ अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों में 19 मई से 25 मई तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा उनका त्वरित निष्पादन करते हुए लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे। साथ ही मेडिकल कैंप के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिला कल्याण पदाधिकारी, लखीसराय को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। वहीं 21 मई से 25 मई तक पूर्व से चिन्हित आदि सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई कार्यक्रम भी आयोजित होगा, जहां अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का सहज लाभ पहुंचाना है। अभियान से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए संबंधित पंचायत के विकास मित्र या प्रखंड कल्याण पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।