मुजफ्फरपुर में माहेश्वरी महिला संगठन ने श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया सातुड़ी तीज पर्व

  • Post By Admin on Sep 01 2026
मुजफ्फरपुर में माहेश्वरी महिला संगठन ने श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया सातुड़ी तीज पर्व

मुजफ्फरपुर : शहर के अखाड़ाघाट स्थित प्रभु कृपा भवन में माहेश्वरी महिला संगठन मुजफ्फरपुर द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं के साथ सातुड़ी तीज का पर्व बड़े ही धूमधाम से आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर समाज की महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि तथा पति की दीर्घायु की मंगलकामना की।

सातुड़ी तीज का माहेश्वरी समाज में विशेष धार्मिक एवं सामाजिक महत्व है। लोकमान्यता के अनुसार माता पार्वती की आराधना और व्रत कर महिलाओं द्वारा अपने पतियों के पुनर्मिलन की कामना की गई थी। इसी मान्यता के कारण यह पर्व आज भी महिलाओं के लिए आस्था, समर्पण और दांपत्य प्रेम के अनूठे प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।

आयोजन के दौरान महिलाओं ने रात्रि में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया। इसमें मुख्य रूप से सत्तू का भोग लगाने, नीमड़ी पूजन करने, चंद्रमा को अर्घ्य समर्पित करने, पिंडा बड़ा करने और पतियों के हाथों व्रत खुलवाने जैसी परंपराएं निभाई गईं। इन धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से महिलाओं ने माहेश्वरी समाज की समृद्ध गृहस्थ परंपरा, त्याग, तपस्या और पारिवारिक संस्कारों का संदेश दिया।

इस भव्य कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन की शाखा अध्यक्ष राजश्री डागा, सचिव हेमा चाण्डक एवं कोषाध्यक्ष शालिनी गट्टानी ने किया। इस अवसर पर पूनम गट्टानी, सरिता गट्टानी, बेला, प्रीति गट्टानी, सरिता, वंदना सहित माहेश्वरी समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।