संत मैरिज इंग्लिश स्कूल के प्रबंधक बाबी देवसिया का निधन, विद्यालय परिवार में शोक
- Post By Admin on Oct 27 2026
लखीसराय : जिले के सूर्यगढ़ा स्थित संत मैरिज इंग्लिश स्कूल के प्रबंधक बाबी देवसिया के आकस्मिक निधन से विद्यालय परिवार में शोक की लहर है। सोमवार को पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अपराह्न 3:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में गहरा दुख है।
दिवंगत बाबी देवसिया को श्रद्धांजलि देने के लिए मंगलवार को विद्यालय परिसर में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी स्मृतियों को याद किया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. विजय विनीत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बाबी देवसिया के अचानक निधन से सभी लोग मर्माहत हैं। वे केवल विद्यालय के प्रबंधक ही नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के मार्गदर्शक भी थे। बच्चों के प्रति उनका समर्पण और विद्यालय के विकास में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबी सर अपनी यादों और कार्यों के माध्यम से हमेशा जीवित रहेंगे। शोकसभा में विद्यालय के संरक्षक विजय कुमार यादव, उपप्राचार्य रंजू के सोमन, सिरिजा राम, सुरेन्द्रन के गोपाल, अविनाश, वीरेन्द्र सिंह, वर्गीज, राधे, पंकज, अनुभा, ऋषभ राज, रूपक, उमेश, सत्यम, मनोज, मधुकर, सरिता, नूतन और प्रियंका सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने भी अपने प्रबंधक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बाबी देवसिया के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया। शोकसभा में ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की गई। बाबी देवसिया के निधन से संत मैरिज इंग्लिश स्कूल ने अपना एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शक खो दिया है। विद्यालय परिवार के सदस्यों ने उनके प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी स्मृतियों को संजोकर रखने का भाव प्रकट किया।