लखीसराय में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार की कवायद, 25 एकड़ से अधिक भूमि चिन्हित करने का आदेश
- Post By Admin on Oct 27 2026
लखीसराय : बिहार में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के उद्देश्य से राज्य सरकार की योजना के तहत लखीसराय जिला प्रशासन ने नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित और विस्तारित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में मिले निर्देशों के अनुपालन में जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी अंचलाधिकारियों (सीओ) को 25 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल वाली उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित करने का आदेश जारी किया है।
जिला उद्योग केंद्र के पत्रांक 519/DIC के जरिए लखीसराय, बड़हिया, पिपरिया, सूर्यगढा, चानन, रामगढचौक और हलसी अंचल के अधिकारियों को निर्देश भेजा गया है। जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि चयनित भूमि सड़क या रेल परिवहन से सुव्यवस्थित तरीके से जुड़ी होनी चाहिए, साथ ही वहां पर्याप्त बिजली और पानी की आपूर्ति की उपलब्धता सुनिश्चित हो।
प्रशासन ने चयन प्रक्रिया में यह भी अनिवार्य शर्त रखी है कि प्रस्तावित जमीन पूरी तरह से विवाद मुक्त हो और वह कृषि योग्य, सिंचित या वन विभाग की भूमि के दायरे में बिल्कुल न आती हो। सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे जमीन चिन्हित कर विहित प्रपत्र में अपना प्रतिवेदन 7 दिनों के भीतर समाहरणालय को उपलब्ध कराएं, जिससे कि समेकित प्रस्ताव समय रहते पटना स्थित उद्योग विभाग को भेजा जा सके।