लखीसराय के भूमिहीन स्कूलों को मिलेगी जमीन, अतिक्रमण हटाने के लिए मंत्री ने दिए निर्देश
- Post By Admin on Oct 27 2026
लखीसराय : जिले के भूमिहीन विद्यालयों को जमीन उपलब्ध कराने, स्कूलों की भूमि से अतिक्रमण हटाने और विद्यार्थियों के लिए बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में उनकी अध्यक्षता में आयोजित विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में जिले की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यालयों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत कृषि मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर और पौधा भेंट करने के साथ की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों के पास अपनी जमीन नहीं है, उन्हें नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। इससे विद्यालय भवनों के निर्माण और नियमित रूप से पठन-पाठन संचालित करने में सुविधा होगी। मंत्री ने विद्यालयों की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के कारण विद्यालयों के विकास और भवन निर्माण से संबंधित कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कृषि मंत्री ने शिक्षकों को भयमुक्त वातावरण में बच्चों को पढ़ाने और बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पढ़ाई के स्तर में सुधार लाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। बैठक में विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई। भवन निर्माण विभाग को आवश्यक निर्माण कार्य कराने, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को चापाकल और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को सभी विद्यालयों में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
कृषि मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जरूरी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना तथा विद्यालयों में पढ़ाई की व्यवस्था को मजबूत करना है। बैठक में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।