मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुरू किया नशा मुक्त बिहार अभियान, लखीसराय में दिलाई गई शपथ
- Post By Admin on Oct 27 2026
लखीसराय : बिहार को नशामुक्त बनाने और शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को नशा मुक्त बिहार अभियान की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लखीसराय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शराब का सेवन नहीं करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और परिवारों तक नशे के दुष्परिणामों का संदेश पहुंचाने की योजना बनाई गई है। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगा। जन-जागरूकता कार्यक्रमों को चार चरणों में बांटा गया है, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ विद्यार्थियों, युवाओं तथा परिवारों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा सके।
अभियान का पहला चरण ‘नगर की प्रतिज्ञा’ 27 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण और जनभागीदारी से नशामुक्ति का संदेश प्रसारित किया जाएगा। दूसरा चरण ‘गांव का संकल्प’ 1 से 7 नवंबर तक आयोजित होगा। इस अवधि में ग्रामीण इलाकों में जनसंपर्क, जागरूकता गतिविधियों और सामुदायिक सहभागिता के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। तीसरा चरण ‘पर्व और परिवार’ 8 से 16 नवंबर तक चलेगा। दीपावली और छठ महापर्व के अवसर पर परिवारों तथा समुदायों के बीच नशामुक्ति के संदेश को पहुंचाने के लिए विशेष प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। चौथा चरण ‘युवा जोश’ 17 से 25 नवंबर तक संचालित होगा। इसके अंतर्गत विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों तथा युवाओं की भागीदारी से चित्रकला, पेंटिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
लखीसराय जिले में अभियान के प्रभावी संचालन और विभिन्न गतिविधियों के समन्वय के लिए जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। यह समिति अभियान से जुड़ी गतिविधियों के क्रियान्वयन और लोगों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में काम करेगी। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय विश्वजीत कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम और अधीक्षक मद्य निदेशक दीपक कुमार सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। प्रशासन का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त बिहार के संकल्प को मजबूत करना है।