‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार’ अभियान शुरू, लखीसराय में जीविका हाट और बिक्री केंद्र का शुभारंभ

  • Post By Admin on Aug 27 2026
‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार’ अभियान शुरू, लखीसराय में जीविका हाट और बिक्री केंद्र का शुभारंभ

लखीसराय : रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और उद्यमशील बनाने के उद्देश्य से ‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान’ की शुरुआत की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के बापू सभागार से अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम से लखीसराय समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जीविका दीदियां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं।

अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत पांच लाख महिला लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में कुल 600 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की। इसके अलावा जीविका निधि के माध्यम से 10 हजार महिला लाभार्थियों को ऋण भी उपलब्ध कराया गया। महिला उद्यमियों और उत्पादक समूहों को स्थानीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए राज्य में 112 ग्रामीण हाटों के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इनमें लखीसराय के हलसी प्रखंड में बनने वाला जीविका ग्रामीण हाट भी शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केवल वित्तीय सहायता देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें उत्पादन, कौशल, उद्यमिता और बाजार से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से महिलाओं की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जीविका दीदियों के हुनर और मेहनत से तैयार उत्पादों को आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। वहीं मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने जीविका दीदियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें दी गई जिम्मेदारियों को पूरा किया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अभियान को महिलाओं की आर्थिक उन्नति से जोड़ते हुए कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि उद्यमी, उत्पादक और रोजगार सृजन में भागीदार बनाना है। उन्होंने अगले मार्च तक 10 लाख जीविका दीदियों के घरों को सौर ऊर्जा से संचालित करने का लक्ष्य बताया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं द्वारा संचालित महिला विश्वविद्यालय खोलने की बात भी कही। उन्होंने सहयोग पोर्टल और सहयोग शिविर का उल्लेख करते हुए इसे लोगों की समस्याओं के समाधान का अभियान बताया।

कार्यक्रम के दौरान ‘नारी शक्ति से समृद्धि बिहार’ और ‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान’ पर आधारित पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इनमें लखीसराय की उन ग्रामीण महिलाओं की सफलता की कहानियां शामिल हैं, जिन्होंने जीविका से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाया और लखपति जीविका दीदी बनीं। इसके साथ ही मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

लखीसराय जिले में अभियान के तहत बड़हिया प्रखंड के गंगासराय गांव में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का भी शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार मौजूद रहे। बिक्री केंद्र का संचालन चमेली जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य प्रेमशीला देवी करेंगी। लखीसराय समाहरणालय परिसर में आयोजित लाइव कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार और जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका अनिता कुमारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।