जिले की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, 95 खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत के निर्देश
- Post By Admin on Jul 27 2026
लखीसराय : जिले में कानून-व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में सीसीटीवी कैमरों के संचालन, रखरखाव और खराब कैमरों की मरम्मत को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के विभिन्न थानों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कुल 255 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा प्रखंड स्तर पर तकनीकी सहायता और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 192 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें से 95 कैमरे वर्तमान में खराब पाए गए हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बैठक में मुख्य सचिव, बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों की जानकारी साझा की गई। मुख्य सचिव ने खराब कैमरों की मरम्मत, रखरखाव तथा आगामी पांच वर्षों तक उनके सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यय का विस्तृत आकलन तैयार करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी खराब कैमरों का भौतिक सत्यापन कर अद्यतन प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही कैमरों की मरम्मत, प्रतिस्थापन और आगामी पांच वर्षों के रखरखाव के लिए संभावित वित्तीय आवश्यकता का विस्तृत आकलन तैयार कर भवन निर्माण विभाग (विद्युत), मुंगेर अंचल के कार्यपालक अभियंता को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि राज्य सरकार से आवश्यक राशि प्राप्त कर सभी कैमरों को पुनः क्रियाशील बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, घटनाओं की निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रतिवेदन एवं व्यय आकलन उपलब्ध कराने तथा भविष्य में कैमरों के नियमित रखरखाव की स्थायी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस विभाग, भवन निर्माण विभाग (विद्युत), संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।